जैसलमेर दुर्ग के जिनालयों का ध्वजारोहण

 

2019-11-01 जैसलमेर 1 नवंबर। श्री जैसलमेर लोद्रवपुर पार्श्वनाथ जैन श्वे. ट्रस्ट जैसलमेर द्वारा दुर्ग स्थित जिनालयों में पूज्य गुरुदेव गच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म. के शिष्य पूज्य मुनिराज श्री मयंकप्रभसागरजी महाराज एवं आर्य मेहुलप्रभसागरजी महाराज की निश्रा में मंत्रेच्चार के साथ जिनेश्वर देव की प्रतिमाओं के अठारह अभिषेक किए गए।
दि. 1 नवंबर को नूतन ध्वजाओं की शोभायात्रा जैन भवन से शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई गाजे बाजे के साथ सकल जैन संघ सहित दुर्ग पहुंची। जिनालय के शिखरों पर मूलनायक चिंतामणी पार्श्वनाथ भगवान के साथ ही 96 ध्वजाएं मुख्य लाभार्थी अनिल त्रिभुवनदास शाह परिवार नवसारी वालों द्वारा चढाई गई। आर्य मेहुलप्रभसागर महाराज ने कहा कि जीवन में चढती हुई ध्वजा एवं स्थापित होती प्रतिमा दर्शन का अवसर प्रबल पुण्योदय के प्रभाव से प्राप्त होता है और ज्ञान पंचमी के शुभ दिवस एक साथ इतनी संख्या में यह अवसर प्राप्त करके जो पुण्य का संचय हुआ है वह आत्मा को मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर करेगा। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र भाई बाफना द्वारा किया गया। पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र भंसाली ने उपस्थित सकल संघ को जैसलमेर तीर्थ विकास में पूर्ण सहयोग हेतु आग्रह किया। दुर्ग प्रभारी अर्जुन भंसाली ने लाभार्थी परिवार का बहुमान कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष शेरसिंह राखेचा, सहमंत्री नेमीचंद जैन, ट्रस्टी आनंद राखेचा, मनोज राखेचा, महेन्द्र भाई बाफना, मनोज जिंदाणी, तरुण जिंदाणी सहित मुख्य व्यवस्थापक विमल जैन, दीपक कोटेचा आदि मौजूद थे। विधिविधान सुनील भाई द्वारा संपन्न करवाया गया।
-पवन कोठारी, जैसलमेर


Event Pics